शिक्षा के प्रति समर्पण और अनुशासन की विरासत को आगे बढ़ाने का लिया गया संकल्प
सलेमपुर (देवरिया)। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जी एम एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद एवं पूर्व प्रधानाचार्य स्व. गौरीशंकर द्विवेदी की 13वीं पुण्यतिथि रविवार को श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना के साथ आयोजित रुद्राभिषेक से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में सभी ने स्व. गौरीशंकर द्विवेदी को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
रुद्राभिषेक के उपरांत विद्यालय के चेयरमैन डॉ. श्री प्रकाश मिश्र, निदेशिका डॉ. संभावना मिश्रा तथा प्रधानाचार्य मोहन द्विवेदी ने संस्थापक स्व. गौरीशंकर द्विवेदी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित सभी शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया तथा विद्यालय परिवार की ओर से समस्त शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए स्नेहभोज की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।



इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. श्री प्रकाश मिश्र ने अपने संदेश में कहा कि स्व. गौरीशंकर द्विवेदी शिक्षा, साहित्य एवं अनुशासन के सच्चे उपासक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन बच्चों की शिक्षा, संस्कार और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। वे नकलविहीन परीक्षा व्यवस्था के समर्थक तथा सलेमपुर क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा के अग्रदूतों में से एक थे। उनका सपना सलेमपुर को शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाना था, जिसे उन्होंने अपने अथक परिश्रम और दूरदृष्टि से साकार करने का प्रयास किया।
डॉ. मिश्र ने अपने संदेश में कहा, “हम सभी का दायित्व है कि स्व. गौरीशंकर द्विवेदी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का प्रयास करें। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन बच्चों और शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनके आदर्श, अनुशासन, सेवा-भाव और शिक्षा के प्रति समर्पण को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”








कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगणों में डी. सिंह, पुरंजय, आशुतोष तिवारी, प्रमोद कुमार यादव, प्रमोद कुमार, आलोक तिवारी, वी. वी. सहदेव, एस. एन. पांडेय, वी. एस. पांडेय, विकास सोनी, साक्षी, काजू, पल्लवी एवं श्वेतराज सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. गौरीशंकर द्विवेदी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
