लंबी कूद में शालू सिंह और समर्थ राज ने मारी बाजी, गोला फेंक में शिवानी यादव और सत्यम कुमार बने चैंपियन
सलेमपुर (देवरिया)। सलेमपुर स्थित जी.एम. एकेडमी में आयोजित पांच दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव 2026 के दूसरे दिन गुरुवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लंबी कूद और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों की खेल गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।


दूसरे दिन के खेल महोत्सव का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत कराकर किया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में खेलों को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। छोटे बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक सभी ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
लंबी कूद में शालू सिंह और समर्थ राज ने हासिल किया प्रथम स्थान
दूसरे दिन आयोजित लंबी कूद प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में कक्षा पांचवीं (बी), रेड हाउस की शालू सिंह ने 2.8 मीटर की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा पांचवीं (ए), रेड हाउस की अनन्या शर्मा और कक्षा आठवीं (बी), ग्रीन हाउस की आकांक्षा तिवारी ने 2.5 मीटर की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा पांचवीं (बी), रेड हाउस की तान्या यादव ने 2.2 मीटर की छलांग के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग में कक्षा आठवीं (ए), रेड हाउस के समर्थ राज ने 3.5 मीटर की छलांग लगाकर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा सातवीं (बी), रेड हाउस के सत्यम कुमार 3.3 मीटर की छलांग के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कक्षा छठवीं (बी), ब्लू हाउस के आयुष यादव ने 3 मीटर की छलांग लगाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।


गोला फेंक में शिवानी यादव और सत्यम कुमार का शानदार प्रदर्शन
गोला फेंक प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में कक्षा छठवीं (बी), ब्लू हाउस की शिवानी यादव ने 8.10 मीटर गोला फेंककर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा पांचवीं (बी), रेड हाउस की शालू सिंह ने 7.80 मीटर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा छठवीं (ए), येलो हाउस की आयुषी यादव 7.75 मीटर गोला फेंककर तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं बालक वर्ग में कक्षा सातवीं (बी), रेड हाउस के सत्यम कुमार ने 12.60 मीटर गोला फेंककर शानदार प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा पांचवीं (ए), रेड हाउस के आसिफ हुसैन ने 10.55 मीटर के साथ दूसरा तथा कक्षा पांचवीं (ए), येलो हाउस के शिवांश श्रीवास्तव ने 10.25 मीटर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।




खेलों से होता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास : मोहन द्विवेदी
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मोहन द्विवेदी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलकूद के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में सक्रिय भागीदारी करना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय प्रबंधन का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चे शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना सकें।




पांच दिवसीय खेल महोत्सव का बुधवार को हुआ था भव्य शुभारंभ
गौरतलब है कि बुधवार को विद्यालय के चेयरमैन डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पांच दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव 2026 का विधिवत शुभारंभ किया था। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा निखारने और अपनी खेल क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
खेल महोत्सव को सफल बनाने में राकेश मिश्रा, मो. कुदुस, सन्नी सिंह, दिलीप कुमार सिंह, श्वेता राज, सुनील गुप्ता, अनस, आलोक, आर.एस. त्रिपाठी, अलका, खुशबू, सरिता, रेनू, कृष्णा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान मिल रहा है।
