सलेंमपुर (देवरिया)। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जी.एम. एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सलेंमपुर में दीपावली की पावन संध्या पर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मां लक्ष्मी एवं मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यालय के दोनों ब्लॉकों में मां लक्ष्मी एवं मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा दीप प्रज्वलित कर विद्यालय की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षक प्रमोद कुमार यादव ने भी मां के चरणों में शीश नवाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजन कार्यक्रम के दौरान नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जी.एम. एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद एवं पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय गौरीशंकर द्विवेदी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय डॉ. काशीनाथ मिश्र को भी भावपूर्ण स्मरण करते हुए उनके योगदान एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित आदर्शों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।


दीपावली के अवसर पर दीपों के प्रकाश एवं भक्तिमय वातावरण से पूरा विद्यालय परिसर आलोकित हो उठा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय परिवार ने ज्ञान, विद्या, सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए दीपावली का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया।


जी.एम. एकेडमी परिवार की ओर से समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।
